SIR अभियान में समाजवादी PDA प्रहरियों की अहम भूमिका : राममूर्ति वर्मा

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी जौनपुर द्वारा नगर के होटल रिवर व्यू में महान समाजवादी चिंतक, छोटे लोहिया के नाम से विख्यात स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि सादगी एवं विचारशील वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके समाजवादी विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने की। पुण्यतिथि कार्यक्रम के पश्चात SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) कार्यक्रम को लेकर एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव, पूर्व मंत्री एवं टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
जनपद आगमन पर राममूर्ति वर्मा एवं समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का पार्टी पदाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण एवं बुके भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम की प्रस्तावना जिला महासचिव आरिफ हबीब ने रखी, जिसमें उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्य और SIR अभियान की प्रगति पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि राममूर्ति वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र को “छोटे लोहिया” की उपाधि उनके सैद्धांतिक संघर्ष, ईमानदारी और समाजवादी मूल्यों के प्रति अटूट निष्ठा के कारण मिली। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति में जनेश्वर मिश्र जैसे विचारशील और निडर समाजवादियों की अत्यंत आवश्यकता है।
राममूर्ति वर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने SIR कार्यक्रम को पूरी गंभीरता से लिया है और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के हितों की रक्षा के लिए समाजवादी PDA प्रहरी जमीनी स्तर पर लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रहरियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद असंभव दिखने वाले कार्यों को संभव कर दिखाया है।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि SIR की आड़ में NRC जैसे कदम लागू करने की साजिश रची जा रही है, जिससे PDA समाज के लाखों लोगों के नाम मतदाता सूची से बाहर किए जा सकते हैं। राममूर्ति वर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि समाजवादी पार्टी इस साजिश को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी और लोकतंत्र तथा मताधिकार की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रहेगा।
अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र समाजवादी आंदोलन के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनके विचार आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं को जनसंघर्ष के लिए दिशा दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि जौनपुर जनपद में SIR कार्य समाजवादी PDA प्रहरियों के सहयोग से लगभग शत-प्रतिशत सफलता की ओर बढ़ रहा है।
राकेश मौर्य ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आगामी 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के मतदाता बनने हेतु फॉर्म-6 भरवाने का कार्य तेजी से करें। साथ ही जिन मतदाताओं के नाम कट गए हैं या सूची में छूट गए हैं, उन्हें पुनः जोड़ने का अभियान और मजबूत किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी छात्र सभा के राष्ट्रीय सचिव अशोक यादव एवं विजय बहादुर गौतम को अंबेडकर वाहिनी का प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर जिलाध्यक्ष द्वारा माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, राजनारायण बिंद, प्रदेश सचिव हिसामुद्दीन शाह, सुशील दुबे, दीपचंद राम, गणश्याम बहादुर पाल, महेंद्र प्रताप यादव, हीरालाल विश्वकर्मा, राजेंद्र यादव टाइगर, डॉ. जितेंद्र यादव, सुरेश यादव, रमापति यादव, राजदेव पाल, अजय त्रिपाठी, जगदीश प्रसाद मौर्य गप्पू, डॉ. शबनम नाज़, रत्नाकर चौबे सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।
पुण्यतिथि एवं समीक्षा बैठक में मछलीशहर विधायक डॉ. रागिनी सोनकर, पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई, संजय सरोज, राजेश यादव राजन, रुखसार अहमद, अनवारूल हक गुड्डू, गुलाब यादव, संजीव साहू, भूपेश पांडेय, आजाद यादव, सोनी सेठ, सुशीला यादव, अरविंद यादव, विवेक यादव, राहुल त्रिपाठी, अरशद अंसारी, धीरज बिंद, धर्मेंद्र सोनकर, बच्चा यादव सहित सैकड़ों समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।






