मध्यप्रदेश

भोपाल में रंगपंचमी की धूम, नहीं चल रहीं सिटी बसें, रजिस्ट्री दफ्तर खुलेंगे

भोपाल। राजधानी भोपाल में आज (रविवार) सुबह से ही रंगपंचमी का उल्लास है। सड़कों पर सिटी बसें दिखाई नहीं दे रही हैं, तो वन विहार नेशनल पार्क भी पर्यटकों के लिए बंद है। इसके बावजूद प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री कराई जा सकेगी, क्योंकि आईएसबीटी और परी बाजार स्थित रजिस्ट्रार ऑफिस अपने निर्धारित समय पर खुलेंगे। सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी।

राजधानी में रंगपंचमी के दिन पानी की किल्लत नहीं होगी। नगर निगम पूरे शहर में पानी की सप्लाई करेगा। इसके बावजूद कुछ जगहों पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो जाने से दिक्कत बनी हुई है। निगम अफसरों का कहना है कि रंगपंचमी पर प्रयास करेंगे कि शहर में दिन में ही सप्लाई की जा सके। निगम करीब 5000 लाख लीटर पानी की सप्लाई रोज करता है। कोलार, नर्मदा-केरवा डैम और बड़ा तालाब से पानी की सप्लाई की जाती है।

भोपाल के 21 रूट पर कुल 352 सिटी बसों में हर दिन डेढ़ लाख यात्री सफर करते हैं। रंगपंचमी के दिन रविवार को सुबह से ही बसें सड़कों पर दिखाई नहीं दे रही हैं। इसके अलावा इंदौर, उज्जैन समेत अन्य रूटों पर चलने वाली कई बसें भी बंद हैं। हालांकि, प्रायवेट टैक्सी और ऑटो चालू हैं। इसके साथ ही वन विहार नेशनल पार्क भी पर्यटकों के लिए बंद है।

अप्रैल से प्रॉपर्टी की गाइड लाइन बढ़ जाएगी। इसलिए मार्च महीने में पूरे प्रदेश में छुट्टी वाले दिन भी रजिस्ट्रार ऑफिस खुले रखे जाने का फैसला लिया गया है। भोपाल में आईएसबीटी और परी बाजार स्थित दोनों रजिस्ट्रार ऑफिस समय पर खुलेंगे। इसके साथ ही बिजली कंपनी के दफ्तर भी रविवार को समय पर खुलेंगे। उपभोक्ता इन दफ्तरों में जाकर या फिर ऑनलाइन बिल जमा कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button