
जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड का द्विदिवसीय प्रांतीय अधिवेशन 17 एवं 18 जुलाई 2026 को लोकतांत्रिक एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। अधिवेशन के दौरान विभिन्न प्रांतीय पदों के लिए शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने अपनी-अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत की। इसके बाद शिक्षक प्रतिनिधियों ने मतदान के माध्यम से नई प्रांतीय कार्यकारिणी का निर्वाचन किया।
निर्वाचन परिणामों के अनुसार रविन्द्र सिंह राणा प्रांतीय अध्यक्ष, अंकित जोशी महामंत्री, डॉ. भुवन चंद्र जोशी (डॉ. कन्नु जोशी) उपाध्यक्ष, विनोद जीना संयुक्त मंत्री तथा डॉ. बद्री प्रसाद सेमवाल कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
नव निर्वाचित पदाधिकारी उत्तराखंड के गढ़वाल एवं कुमाऊं मंडलों में कार्यरत लगभग 23 हजार माध्यमिक शिक्षकों का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर शिक्षक एवं साहित्यकार डॉ. मुरली मनोहर भट्ट, पूर्व मनोनीत मंडलीय सदस्य, गढ़वाल मंडल कार्यकारिणी, राजकीय शिक्षक संघ (गढ़वाल मंडल), जनपद उत्तरकाशी ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी शिक्षकों के हितों, सम्मान और न्यायोचित मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखेगी तथा लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और विधिसम्मत तरीके से उनके समाधान के लिए निरंतर कार्य करेगी।
डॉ. मुरली मनोहर भट्ट ने कहा कि शिक्षक प्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे किसी भी प्रकार के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी शिक्षकों की समान रूप से आवाज बनें तथा संगठन की एकता, गरिमा और गौरवशाली परंपरा को और अधिक मजबूत करें।
उन्होंने आशा जताई कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और प्रत्येक शिक्षक स्वयं को संगठन के साथ सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त महसूस करेगा।
अंत में उन्होंने नव निर्वाचित सभी पदाधिकारियों को सफल, प्रभावी एवं जनहितैषी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।






