डीएम की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों संग मतदाता सूची पुनरीक्षण की समीक्षा

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर:जौनपुर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार ईन्यूमरेशन का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। ईन्यूमरेशन अवधि समाप्त होने के उपरांत यह समीक्षा बैठक आयोजित की गई, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया की प्रगति पर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अवगत कराया जा सके।जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि सभी राजनीतिक दलों द्वारा बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए जा चुके हैं तथा प्रत्येक बूथ पर बीएलए और बीएलओ की संयुक्त बैठकें कराई गई हैं। इसके अतिरिक्त एएसडी (ASD) सूची को निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर उपलब्ध करा दिया गया है, जिससे मतदाता सूची की पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।उन्होंने बताया कि जनपद में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। इसमें 83.49 प्रतिशत कलेक्टीबल तथा 16.51 प्रतिशत नॉन कलेक्टीबल प्रपत्र शामिल हैं।बैठक में उपस्थित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने हेतु प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। जिलाधिकारी ने भी निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में राजनीतिक दलों के सहयोग की प्रशंसा की।इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य, कांग्रेस से राकेश सिंह डब्बू, भाजपा से केके विश्वकर्मा एवं यादवेंद्र, बसपा से चंद्रेज भारती, अपना दल (एस) से जय प्रकाश पटेल, डॉ. मनीष कुमार, सीपीआईएम से के. एस. रघुवंशी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम अक्षयबर चौहान, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह सहित समस्त ईआरओ एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।






