मध्यप्रदेश

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कृषि व किसान के विकास का रोडमैप तैयारः शिवराज सिंह

मुरैना । केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास पंचायत राज मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि को भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि किसान हमारा भगवान है और किसान की सेवा भगवान की सेवा है। कृषि एवं किसान कल्याण के लिए 100 दिन की कार्य योजना तैयार कर ली गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बनने पर सबसे पहले 18 जून को काशी से किसानों को सम्मान निधि की राशि प्रदान की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी सिंगल क्लिक के माध्यम से इस राशि को हस्तांतरित करेंगे। सरकार किसान कल्याण के लिए कोई कमी नहीं छोड़ेगी।

केन्द्रीय कृषि मंत्री रविवार को मुरैना रेलवे स्टेशन पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। केंद्र सरकार में शामिल होने के बाद शिवराज सिंह चौहान पहली बार मध्य प्रदेश आए हैं। रविवार सुबह शताब्दी एक्सप्रेस से मुरैना पहुंचे शिवराज सिंह चौहान का कार्यकर्ताओं ने मुरैना रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विगत 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसान कल्याण के लिए अद्भुत व अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल हुई हैं। इन्हीं कार्यों को आगे बढ़ाते हुए पूरा करना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए कृषि परिदृश्य को आगे ले जाने का काम किया जाएगा। इसका रोड मैप तैयार कर लिया गया है।

केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान के साथ उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह चौहान भी थीं। केन्द्रीय मंत्री चौहान के स्वागत के लिये भाजपा जिला अध्यक्ष योगेशपाल गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष केदार सिंह यादव, पूर्व विधायक परशुराम मुदगल, पूर्व विधायक रघुराज सिंह कंषाना, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बनवारीलाल धाकड़, अनिल गोयल, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष हमीर सिंह पटेल, देवीराम उपाध्याय, रामनरेश शर्मा, पूर्व पार्षद संजय शर्मा, प्रेमकांत शर्मा, राहुल कंषाना, अरविंद सिंह सिकरवार गुडुआ, धीरज सोनू शर्मा मण्डल अध्यक्ष, सुनील उपाध्याय, अवधेश पाराशर, नीरज भदौरिया, अशोक यादव, ऋषि यादव, रामलखन गुर्जर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button