अमेरिका में गूंजा सहारनपुर पुलिस का नाम, महिला कांस्टेबल रिया वर्मा ने रचा इतिहास
वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में 5 पदक जीतकर देश और जिले का बढ़ाया मान

जन एक्सप्रेस/सहारनपुर:सहारनपुर पुलिस की महिला कांस्टेबल रिया वर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। अमेरिका के अलबामा में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए रिया वर्मा ने कुल पांच पदक अपने नाम किए।उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न सिर्फ सहारनपुर पुलिस, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश को गर्व महसूस हो रहा है।महिला कांस्टेबल रिया वर्मा ने इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में: 2 स्वर्ण पदक, 2 रजत पदक,1 कांस्य पदक जीतकर भारत का परचम लहराया। यह प्रतियोगिता दुनिया भर के पुलिस और फायर सर्विस कर्मियों के बीच आयोजित की जाती है, जिसमें हजारों खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं।
SSP आशीष तिवारी ने किया सम्मानित
अमेरिका से लौटने के बाद सहारनपुर की इस होनहार खिलाड़ी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) आशीष तिवारी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।SSP ने रिया वर्मा की मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना करते हुए कहा कि वह पुलिस बल की अन्य महिला कर्मियों के लिए प्रेरणा हैं। रिया वर्मा की इस उपलब्धि के बाद सहारनपुर पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है। सहकर्मियों और अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल कर रिया वर्मा ने यह साबित कर दिया है कि कठोर प्रशिक्षण, आत्मविश्वास और समर्पण से महिलाएं किसी भी क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर सकती हैं।






