utrakhandउत्तरकाशीनई टिहरी

नई टिहरी में जिला जनगणना हस्त पुस्तिका प्रशिक्षण का दूसरा दिन संपन्न, जनगणना-2027 के कार्यों पर अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के प्रकाशन संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम का द्वितीय दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में विभिन्न तहसीलों एवं नगर पंचायतों के चार्ज अधिकारियों, क्षेत्रीय अधिकारियों और सहयोगी कार्मिकों को तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण का कार्य पूरा हो चुका है। अब द्वितीय चरण के अंतर्गत जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के प्रकाशन से जुड़े कार्यों के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे कार्यों का निष्पादन बिना किसी कठिनाई के कर सकें।

उन्होंने सभी कार्मिकों को टीम वर्क और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए समयबद्ध और त्रुटिरहित कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

प्रशिक्षण के दूसरे दिन तहसील कीर्तिनगर, घनसाली और बालगंगा तथा नगर पंचायत घनसाली, चमियाला और कीर्तिनगर के चार्ज अधिकारियों, क्षेत्रीय अधिकारियों एवं राजस्व उपनिरीक्षकों को जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के संकलन की कार्यप्रणाली, ग्राम एवं नगर स्तर पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं के अद्यतन अभिलेखीकरण, संबंधित प्रपत्रों और आंकड़ों के सत्यापन सहित अन्य तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को जनगणना निदेशालय, उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर जनगणना निदेशालय, उत्तराखंड द्वारा नामित मास्टर ट्रेनर पंकज सिंह एवं नीरज कुमार, प्रशासनिक अधिकारी केशब गैरोला, जिला कार्यालय के कार्मिक तथा प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button