
जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- प्रदेश सरकार के ‘सेवा, सुशासन और समर्पण’ अभियान के तहत विकासखंड पुरोला में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल और मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह की उपस्थिति में आयोजित शिविर में आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।
शिविर में दर्ज सभी शिकायतों और समस्याओं का संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में निस्तारण किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
ग्रामीणों ने रखीं कई अहम मांगें
शिविर में ग्रामीणों ने पुल निर्माण, कीवी मिशन, योग शिक्षकों के मानदेय, पुरोला-गुंदियाट गांव सड़क की मरम्मत, नाली निर्माण, मोटर मार्गों से मलबा और पत्थर हटाने तथा नौरी सड़क मार्ग पर गिरे पेड़ों को हटाने जैसी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर द्वारा फोन नहीं उठाने की शिकायत भी की। इस पर विधायक दुर्गेश्वर लाल और मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने संबंधित अधिकारी को फटकार लगाते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
290 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया।
- पशुपालन विभाग ने 60 पशुपालकों को लाभान्वित किया।
- स्वास्थ्य विभाग ने 58 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क उपचार दिया।
- कृषि विभाग ने 45 किसानों को योजनाओं का लाभ दिया।
- आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग ने 38 लोगों को चिकित्सा परामर्श दिया।
- पंचायती राज विभाग ने 34 प्रमाण पत्र मौके पर जारी किए।
- राजस्व विभाग ने 20 मामलों का निस्तारण किया।
- सहकारिता विभाग ने 12 लाभार्थियों को लाभ दिया।
- ग्राम्य विकास विभाग ने 10 लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा।
- उद्योग विभाग ने 5 लाभार्थियों को स्वरोजगार एवं एमएसएमई योजनाओं का लाभ दिया।
- बाल विकास विभाग ने 4 लाभार्थियों को लाभान्वित किया, जिनमें एक पात्र महिला को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गई।
- उद्यान एवं समाज कल्याण विभाग ने भी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।
मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 290 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। साथ ही किसानों को कृषि संबंधी आवश्यक सामग्री और दवाइयां भी वितरित की गईं।
विधायक ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सुशासन और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही किया जा रहा है।






