
जन एक्सप्रेस /टिहरी गढ़वाल:- राज्य सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड मुख्यालय घनसाली में “राज्य के प्राथमिक क्षेत्र यथा कृषि, उद्योग एवं पशुपालन से संबंधित उपलब्धियों एवं नीतियों का प्रदर्शन” विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विभागों की उपलब्धियों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, उत्तराखंड युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल, ब्लॉक प्रमुख भिलंगना राजीव कंडारी, प्रधान संगठन अध्यक्ष यशवंत गोसाई, ज्येष्ठ प्रमुख प्यार सिंह बिष्ट तथा कनिष्ठ प्रमुख कृष्णा गैरोला सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर कृषि, उद्यान, पशुपालन और उद्योग विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम में एसडीएम घनसाली मंजू राजपूत, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डी. के. शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सरकार की विकासोन्मुख नीतियों और ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि, पशुपालन तथा उद्योग को बढ़ावा देने के प्रयासों पर विशेष जोर दिया गया।






