उत्तर प्रदेशचित्रकूट

चरवाहों पर हमला, आधा सैकड़ा बकरियां लूटीं—पुलिस को खुली चुनौती

पाठा क्षेत्र में पशु तस्करों का कहर

जन एक्सप्रेस /चित्रकूट।जनपद के चित्रकूट पाठा क्षेत्र में पशु तस्करों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मारकुंडी थाना क्षेत्र में एक बार फिर बकरियों की बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जिससे पशु पालकों में दहशत और आक्रोश व्याप्त है।रविवार को तस्कर कुसमी जंगल से करीब आधा सैकड़ा बकरियों को हांक ले गए। इस दौरान विरोध करने पर चरवाहों के साथ मारपीट की गई और उन्हें रस्सी से बांधकर जंगल में छोड़ दिया गया।

शाम तक घर न लौटने पर हुआ खुलासा
चरवाहों के देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, जिसके बाद घटना की जानकारी मिल सकी। घायल चरवाहों को ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।पाठा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए पशुपालन ही जीविकोपार्जन का मुख्य साधन है। दूध, मावा और पशु उत्पादों के सहारे परिवारों का पालन-पोषण होता है, लेकिन लगातार हो रही चोरियों ने उनकी आर्थिक कमर तोड़ दी है।
एक सप्ताह में दूसरी बड़ी वारदात
गौरतलब है कि इससे पहले एक सप्ताह पूर्व भी मारकुंडी थाना क्षेत्र के डोंडा माफी जंगल से दर्जनों बकरियां चोरी की जा चुकी हैं। इसके बावजूद तस्करों के हौसले बुलंद हैं।लगातार बढ़ रही घटनाओं से ग्रामीणों में रोष है। लोगों का कहना है कि तस्कर खुलेआम पुलिस को चुनौती दे रहे हैं, जबकि प्रभावी कार्रवाई का अभाव दिखाई दे रहा है।पीड़ित पशुपालकों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, तस्करों की गिरफ्तारी और पशु चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button