उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगलखनऊ

रक्षाबंधन पर बहनों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा

8 से 10 अगस्त तक यूपी में महिलाओं के लिए बस यात्रा पूरी तरह मुफ्त, सीएम ने दिए विशेष निर्देश

जन एक्सप्रेस लखनऊ। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश की महिलाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष सौगात दी है। सरकार ने 8 अगस्त की सुबह से 10 अगस्त की रात 12 बजे तक प्रदेश भर में सभी रोडवेज और नगरीय बसों में महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा की घोषणा की है। यह सुविधा उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPSRTC) और नगर निगम बस सेवा दोनों में लागू होगी।

पर्याप्त बसों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इन तीन दिनों के दौरान बसों की संख्या में किसी भी प्रकार की कमी न हो और महिलाओं को रक्षाबंधन के अवसर पर किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने साफ कहा कि पर्याप्त मात्रा में बसों का संचालन किया जाए, ताकि बहनें सुरक्षित और सम्मानपूर्वक यात्रा कर सकें।

बाढ़ राहत पर भी सीएम सख्त, बोले- लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

सीएम योगी ने रविवार को अपने सरकारी आवास से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि बाढ़ राहत कार्यों में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा:

महिला शरणार्थियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतज़ाम हों

बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए

रेस्क्यू कार्यों में छोटी और असुरक्षित नावों का प्रयोग न किया जाए

जर्जर भवनों में रह रहे लोगों को तुरंत शरणालयों में स्थानांतरित किया जाए

मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत क्षतिग्रस्त मकानों के लिए सर्वे कर लाभ दिया जाए

हर घर तिरंगा अभियान में यूपी का लक्ष्य 4.60 करोड़ झंडे

सीएम योगी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की समीक्षा करते हुए बताया कि इस वर्ष 4.60 करोड़ तिरंगे फहराए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने निर्देश दिया:

9 अगस्त से 12 अगस्त तक तिरंगा यात्रा, तिरंगा महोत्सव और मेले आयोजित किए जाएं

15 अगस्त को भव्य राष्ट्रगान और तिरंगा फहराने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएं

स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में देशभक्ति आधारित आयोजन हों

शिक्षा व कृषि विभाग पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए स्कूलों की पेयरिंग में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अनियमितता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने किसानों को सरकारी तय रेट पर खाद उपलब्ध कराने की बात भी दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button