उत्तराखंड

तो जहरीली शराब पीने से ग्रामीणों की नहीं हुई थी मौत!

हरिद्वार।  शराब कांड में जान गंवाने वाले ग्रामीणों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने बिसरा सुरक्षित रख लिए। पथरी से कब्जे में लिए अमरपाल, बिरमपाल, मनोज और अरुण के शवों का शनिवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम हुआ। रिपोर्ट देर शाम आई। एसडीएम पूरण सिंह राणा ने बताया, मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रधान प्रत्याशी के पति ने बांटा था मौत का सामान
फूलगढ़ में हुए शराबकांड की पटकथा एक प्रधान पद की प्रत्याशी के पति ने लिखी थी। उसी ने ही तीन से चार माह पहले शराब की खेप तैयार की थी, जिसे वह दस दिन से मतदाताओं को बांट रहा था। पुलिस ने जमीन में दबाई खेप भी बरामद कर ली है। हालांकि उसने कच्ची शराब बनाने में परंपरागत तौर-तरीके ही प्रयोग करने का दावा किया है। अब जल्द ही प्रत्याशी पति की गिरफ्तारी संभव है।

शनिवार सुबह शराब पीने से मौत का मामला उछलने के बाद पुलिस ने प्रत्याशियों के पतियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया था, क्योंकि प्रारंभिक जांच में उनके शराब बांटने की बात आई थी। कई प्रत्याशी पति घंटों बाद पुलिस के हाथ आ सके। बारी-बारी से पूछताछ के बाद आखिरकार एक प्रत्याशी पति टूट गया।

वह बीते दस दिन से लोगों को शराब बांट रहा था। प्रत्याशी पति गांव में फर्जी डॉक्टर की दुकान चला रहा था। वह शहर के एक नामी अस्पताल में कंपाउंडर भी रहा है। उधर, डीएम की ओर से इस पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रीयल जांच बैठा दी गई है।

शवों की अंत्येष्टि से पहले पहुंची पुलिस
गांव के कई लोग अंतिम संस्कार कराना चाहते थे। इसी कारण लकड़ी लेकर शव ले जाने की तैयारी की थी। अंतिम संस्कार का सामान ट्रैक्टर में डाल दिया गया था। लेकिन, तब तक हरिद्वार पुलिस मौके पर आ गई।

दो मौत के बाद भी नहीं संभले प्रत्याशी, फिर भी बांटी
ईशम और तेजपाल की मौत के बाद भी चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी नहीं माने। शनिवार को तीन प्रत्याशियों ने धड़ल्ले से शराब बांटी। एक व्यक्ति को तीन तीन नेताओं के करीबियों ने शराब दिलवाई। दो मौत के बाद यदि प्रत्याशी संभल जाते तो शायद चार जिंदगियां दम न तोड़ती। तेजपाल (55) पुत्र रामसिंह निवासी फूलगढ़ और ईशम (32) पुत्र राजिंदर निवासी शिवगढ़ ने गुरुवार रात को शराब पी थी। क्योंकि, इस दिन नामांकन करने के बाद गांव में जश्न का माहौल था। प्रत्याशियों ने शराब बांटने को बनाए व्हाट्सऐप ग्रुप
शराब देने के लिए प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया हुआ था, जिससे शराब की बुकिंग की जाती है। एक बारी में 10 लोगों को शराब देने के लिए बुलाया जाता। चुनिंदा लोगों को ही घरों पर डिलीवरी दी जाती। महिलाओं के विरोध के कारण घरों में शराब नहीं दी जाती। फूलगढ़ गांव के निवासी एक युवक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि प्रत्याशियों ने शराब बांटने के लिए एक ग्रुप बनाया, जिसमें मैसेज किया जाता और लोगों को शाम को बुलाया जाता।

हत्या का मुकदमा दर्ज
कच्ची शराब पीने से ग्रामीणों की मौत होने के मामले में पथरी थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। महिला एसआई प्रीति गुसाईं की तरफ से तहरीर दी गई थी। इनकी हुई मौत: बिरमपाल (60) पुत्र बलजीत, अरुण (40) पुत्र चंद्रभान, राजू उर्फ राजबीन (45) पुत्र सेवाराम, अमर पाल (36) पुत्र गोपाल, तेजपाल (55) पुत्र राम सिंह और ईशम (32) पुत्र राजिंदर निवासी हरिद्वार।

JAN EXPRESS

जन एक्सप्रेस न्यूज़ – सच दिखाने की ज़िद हमारा उद्देश्य है आपको सही और निष्पक्ष खबरों से जोड़ना। जन एक्सप्रेस न्यूज़ यूट्यूब चैनल पर आप पाएंगे ताजा खबरें, विशेष रिपोर्ट, और सामाजिक मुद्दों पर गहन विश्लेषण। यहां हर खबर को पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ पेश किया जाता है। हम आपकी आवाज़ को बुलंद करने और समाज के हर कोने से जुड़ी सच्चाई को उजागर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। राजनीति, समाज, शिक्षा, और मनोरंजन से जुड़ी हर खबर के लिए जुड़े रहें जन एक्सप्रेस न्यूज़ के साथ। 📢 सच दिखाने की ज़िद, हर सच के साथ! सब्सक्राइब करें और हर खबर से अपडेट रहें।
Back to top button