उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

ठूठीबारी कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण: एसपी की सख्ती से मचा हड़कंप

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जिले के तेज तर्रार पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने शनिवार को ठूठीबारी कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की। इस मौके पर कोतवाली पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय, मालखाना सीसीटीएनएस कक्ष, बैरक भोजनालय, आवास, महिला हेल्प डेस्क, डे रजिस्टर, अपराध रजिस्टर तथा शस्त्रागार से निकाले गए आर्म्स, आबनिशन व हथकड़ियों का बारीकी से परीक्षण किया।
एसपी ने बैरकों में स्वच्छता, वाहनों को डंपिंग यार्ड में सुव्यवस्थित रखने और सभी सीसीटीवी कैमरों के सुचारू संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि थाने में आने वाले हर फरियादी की समस्या का त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। महिला हेल्प डेस्क व महिला बीट अभिलेखों की विशेष समीक्षा करते हुए मामलों के शीघ्र निस्तारण के आदेश दिए गए। एसपी ने कहा कि इंडो-नेपाल की खुली सीमा सुरक्षा बलों के लिए चुनौती है, जिस पर लगातार काम किया जा रहा है। पगडंडी रास्तों पर मोबाइल पेट्रोलिंग, संवेदनशील नाकों पर सीसी कैमरे तथा पुलिस-एसएसबी के समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस वाहनों में उपयोग होने वाले हूटर हॉर्न मालखाने के अंदर रखे पाए गए। इस पर एसपी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए थानाध्यक्ष को सख्त नसीहत और चेतावनी दी। वहीं मालखाने से बाहर निकलते ही फरियादियों के लिए लगाए गए आरो प्लांट को देखकर भी कप्तान साहब ने तीखी फटकार लगाई और मूलभूत सुविधाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। इसके बाद थाना क्षेत्र के चौकीदारों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक के उपरांत परंपरानुसार उपहार स्वरूप टॉर्च और साफा और कंबल दिया जाना था, लेकिन जैसे ही एसपी ने कुर्सी संभाली और देखा कि उपहार मौजूद नहीं हैं, उनका रुख सख्त हो गया। थानाध्यक्ष नवनीत नगर को सख्त तेवर दिखाते हुए एसपी बिना रुके अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई। एसपी के निरीक्षण से स्पष्ट संदेश गया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और थानों में अनुशासन व जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर एसआई बृजेश पांडेय , रमेश पूरी, दिनेश सिंह यादव, विक्की शाह, लालचंद वर्मा, लक्ष्मीपुर चौकी इंचार्ज मनीष पटेल, महिला एसआई खुश्बू सहित समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button