उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर में पुलिस टीम पर पथराव, लूट आरोपी को पकड़ने गई थी एसओजी टीम, दो पुलिसकर्मी घायल

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जिले के Baksha थाना क्षेत्र अंतर्गत बीरभानपुर गांव में लूट के आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस और एसओजी टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि कई पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचा है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, लूट के आरोपी पंकज गौतम को पकड़ने के लिए स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) टीम और स्थानीय पुलिस बीरभानपुर गांव पहुंची थी। बताया जा रहा है कि आरोपी के दादा पन्ना की तेरहवीं शुक्रवार को प्रस्तावित है, जिसके चलते घर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार मौजूद थे।

जैसे ही पुलिस टीम आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची, मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।

दो पुलिसकर्मी घायल, वाहन क्षतिग्रस्त

पथराव की इस घटना में एसओजी के सिपाहियों के साथ-साथ सिकरारा थाने में तैनात उपनिरीक्षक विनोद सिंह घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही बक्शा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन उनके वाहन का शीशा भी पथराव में टूट गया। कई अन्य पुलिस वाहनों को भी क्षति पहुंची है।

कई थानों की फोर्स मौके पर तैनात

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिले के आधा दर्जन से अधिक थानों की फोर्स मौके पर बुला ली गई। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के बाद हालात पर काबू पाया गया। पुलिस ने मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

गांव में तनाव का माहौल

घटना के बाद बीरभानपुर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button