सुजानगंज पुलिस ने नशा तस्कर को दबोचा, वैगनार कार से सप्लाई किया जा रहा 4.5 किलो गांजा बरामद

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर : जौनपुर जनपद में नशे के काले कारोबार के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के नेतृत्व में चल रहे विशेष अभियान को आज बड़ी सफलता मिली है। थाना सुजानगंज पुलिस ने सघन चेकिंग के दौरान एक शातिर मादक पदार्थ तस्कर को भारी मात्रा में गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।
घेराबंदी और गिरफ्तारी: थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम पंचरास्ता/बारा पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक वैगनार कार (संख्या: UP80BK5658) को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर कार सवार ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर अभिषेक तिवारी उर्फ अमित तिवारी को पकड़ लिया।
बरामद माल की कीमत और विवरण: तलाशी लेने पर कार के अंदर से 4 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार और एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है और उस पर पूर्व में कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
कानूनी कार्रवाई: पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह गांजा कहाँ से लाया गया था और जिले में इसके तार और कहाँ-कहाँ जुड़े हैं।






