उत्तरकाशी: चिन्यालीसौड़ की समस्याओं को लेकर सुमन बडोनी ने डीएम को सौंपा 4 सूत्रीय ज्ञापन
क्षेत्र में आधार सेवा केंद्र बंद होने, पेयजल संकट, ओलावृष्टि से फसल नुकसान और जल निकासी जैसी समस्याओं को लेकरसमाधान की मांग
जन एक्सप्रेस/उत्तरकाशी।
जनपद के चिन्यालीसौड़ नगर पालिका क्षेत्र में व्याप्त जन समस्याओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सुमन बडोनी ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इस दौरान जिलाधिकारी ने समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
बुधवार को हुई इस मुलाकात में सुमन बडोनी ने नगर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को विस्तार से रखते हुए कहा कि चिन्यालीसौड़ स्थित आधार सेवा केंद्र पिछले करीब एक से डेढ़ सप्ताह से बंद पड़ा हुआ है। इसके चलते क्षेत्रीय जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से वर्तमान समय में ग्रीष्मकालीन अवकाश चल रहा है, जिसके कारण दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और आम नागरिक आधार कार्ड से संबंधित कार्यों के लिए केंद्र पहुंच रहे हैं। लेकिन केंद्र बंद होने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है।
बडोनी ने कहा कि आधार सेवा केंद्र का बंद रहना आम जनजीवन पर सीधा असर डाल रहा है, क्योंकि कई सरकारी योजनाओं और सेवाओं के लिए आधार अनिवार्य है। ऐसे में केंद्र का जल्द से जल्द संचालन शुरू कराया जाना आवश्यक है।
इसके अलावा हाल ही में क्षेत्र में हुई अति ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। बडोनी ने बताया कि ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलें, फलदार बगीचे और अन्य कृषि उत्पाद बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि प्रभावित किसानों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाया जाए, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति को संभाला जा सके।
मांग पत्र में तीसरा प्रमुख मुद्दा पेयजल संकट का रहा। उन्होंने कहा कि चिन्यालीसौड़ नगर पालिका क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। नियमित और पर्याप्त पानी की आपूर्ति न होने से स्थानीय निवासियों को रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है।
चौथे बिंदु के रूप में उन्होंने नगर क्षेत्र में बंद पड़ी नालियों की सफाई और उचित जल निकासी व्यवस्था की मांग उठाई। बडोनी ने कहा कि नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे न केवल लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है बल्कि बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है।
सुमन बडोनी द्वारा उठाई गई इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही। उन्होंने आश्वासन दिया कि आधार सेवा केंद्र को शीघ्र संचालित कराने, ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों का आकलन कराने, पेयजल समस्या के समाधान और जल निकासी व्यवस्था को सुधारने के लिए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द ही इन समस्याओं का समाधान करेगा और क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।






