
जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :- मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. जीवन सिंह चुफाल ने गुरुवार सुबह बी.डी. पाण्डेय जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और विभागों का भ्रमण किया, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति की समीक्षा की तथा उपचाराधीन मरीजों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।
स्वयं अस्थि रोग विशेषज्ञ होने के कारण डॉ. चुफाल ने मरीजों की चिकित्सकीय आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि मरीजों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में बिना अनुमति घूम रहे मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव बिना अनुमति अस्पताल परिसर में प्रवेश करता पाया गया तो उसके खिलाफ आवश्यकतानुसार एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
सीएमओ ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डी.पी. सिंह के साथ अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान आगामी ऑक्सीजन प्लांट की मॉक ड्रिल की तैयारियों की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. चुफाल ने चिकित्सकों और कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार के साथ सम्मानजनक व्यवहार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वहीं, अस्पताल पहुंचे मरीजों ने सीएमओ के औचक निरीक्षण का स्वागत किया। उनका कहना था कि इस तरह के निरीक्षणों से मरीजों को अपनी समस्याएं सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद और मजबूत होती है।






