उत्तर प्रदेशचित्रकूट

चित्रकूट में बेसिक शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही – स्कूल के मासूम बच्चों से कराई मजदूरी!

खजुरिहा कला गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की करतूत उजागर, मिड-डे मील राशन ढुलवाने में बच्चों को लगाया – वीडियो वायरल होने पर डीएम पुलकित गर्ग ने जताई कड़ी नाराज़गी

जन एक्सप्रेस चित्रकूट। जनपद चित्रकूट से शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। रामनगर ब्लॉक के ग्राम पंचायत खजुरिहा कला स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों द्वारा मासूम बच्चों को मजदूरों की तरह काम कराने का मामला उजागर हुआ है।बताया जा रहा है कि विद्यालय के शिक्षकों ने मिड-डे मील का राशन ले जाने का काम बच्चों से करवाया।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद जिलेभर में हड़कंप मच गया।वीडियो सामने आने के बाद चित्रकूट जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा है कि बच्चों से किसी भी प्रकार का शारीरिक श्रम करवाना न केवल शिक्षा के अधिकार अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ भी है।गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही डीएम पुलकित गर्ग स्वयं मिड-डे मील की हकीकत जानने के लिए बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन कर चुके हैं। वहीं अब इस मामले ने बेसिक शिक्षा विभाग और योगी सरकार की योजनाओं पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल में शिक्षकों की लापरवाही और निरीक्षण की कमी के कारण इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों से अपेक्षा की जा रही है कि दोषी शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में बच्चों को इस तरह की स्थितियों का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button