
जन एक्सप्रेस/नई टिहरी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, गजा पहुंचकर गजा घण्टाकर्ण महोत्सव (द्वितीय संस्करण) का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने घण्टाकर्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने गजा स्थित राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गजा क्षेत्र धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है तथा केदारखंड में भी घण्टाकर्ण मंदिर का विशेष उल्लेख मिलता है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, खान-पान और लोक कला हमारी पहचान हैं, जिन्हें सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यात्रियों की सुविधाओं, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। गजा क्षेत्र में नगर पंचायत कार्यालय, गौशाला, मिनी स्टेडियम, क्रिकेट छात्रावास और विभिन्न पेयजल योजनाओं के निर्माण कार्यों का भी उल्लेख किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना, लोकगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकियों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई गई।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।






