उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगदेशधर्मप्रयागराजमहाकुम्भनगर
प्रदेश पुलिस बल ने विगत साढ़े 07 वर्षों में जो मानक गढ़े, पुलिस गैलरी उसका प्रतिबिम्ब : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने महाकुम्भनगर में पुलिस गैलरी का निरीक्षण किया

जन एक्सप्रेस/ लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज महाकुम्भनगर में पुलिस गैलरी का निरीक्षण किया और उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली और सक्रियता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस बल ने विगत साढ़े 07 वर्षों में जो मानक गढ़े हैं, पुलिस गैलरी उसका प्रतिबिम्ब है। एक समय जिस उत्तर प्रदेश में माफिया और गुण्डों का राज हुआ करता था, वहां आज कानून व्यवस्था का राज स्थापित करने में पुलिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रदेश सरकार ने जीरो टॉलरेंस की जिस नीति को चुना, उसे सफलता तक पहुंचाने में पुलिस ने अपना सर्वस्व दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश पुलिस ने राज्य से माफिया, गुण्डों, अपराधियों और भ्रष्टाचारियों पर अंकुश लगाया है। प्रदेश पुलिस ने अपनी कार्यप्रणाली से दूसरे राज्यों की पुलिस के लिए एक नज़ीर प्रस्तुत की है। सुरक्षा के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए आधुनिक तकनीक को अपनाया गया है। महाकुम्भ में लाखों श्रद्धालुओं के बीच सुरक्षा सुनिश्चित करना बड़ा कार्य है, जिसे प्रदेश पुलिस पूरी तत्परता से निभा रही है। इस अवसर पर उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के सफल कार्यान्वयन पर भी जोर दिया।
ज्ञातव्य है कि पुलिस गैलरी को सुविधा के हिसाब से 13 हिस्सों में बांटा गया है। प्रत्येक गैलरी में प्रदेश पुलिस की सक्रियता और उनकी कार्यकुशलता को दर्शाया गया है। विशेष रूप से महाकुम्भ की सुरक्षा व्यवस्था के तहत गैलरी में यह दिखाया गया कि कैसे पुलिस आधुनिक तकनीकों जैसे ड्रोन, सी0सी0टी0वी0 और अन्य सुरक्षा उपकरणों का उपयोग कर रही है।
पुलिस गैलरी में ‘यू0पी0 112’, आधुनिक पुलिस स्टेशन, फॉरेंसिक प्रयोगशाला, अभियोजन, न्यायालय, कारागार, विशेष प्रशिक्षण, पी0ए0सी0, एस0डी0आर0एफ0, एस0टी0एफ0, जी0आर0पी0, ए0टी0एस0 और ‘1090’ को भी प्रदर्शित किया गया है।