ऊखीमठ में तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर शुरू, पहले दिन 54 मरीजों की हुई जांच

जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :-सेवा, सुशासन एवं समर्पण कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ऊखीमठ में रविवार से तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ हुआ। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में पहले दिन 54 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श, उपचार और निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में आयोजित शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों के मरीजों का परीक्षण किया। पहले दिन बाल रोग विभाग के 11, अस्थि रोग विभाग के 9, सर्जरी विभाग के 6 तथा मेडिसिन विभाग के 28 मरीजों का इलाज किया गया।
इसके अलावा शिविर में 36 मरीजों के एक्स-रे और 35 लोगों की पैथोलॉजी जांच भी की गई। स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ 7 आयुष्मान भारत कार्ड और 17 आभा (ABHA) आईडी भी बनाई गईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने बताया कि विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर 21 जुलाई तक संचालित होगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के डॉ. अशोक कुमार शर्मा, डॉ. कमल कांत, डॉ. गीतांशु कपूर और डॉ. सुखजीत अरोड़ा सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया।






