utrakhandटिहरी

नई टिहरी सी-ब्लॉक में खतरे के बीच तीन परिवार सुरक्षित स्थानांतरित, सुरक्षा दीवार का निर्माण तेज

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- लगातार हो रही भारी बारिश और निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार के कारण उत्पन्न खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नई टिहरी के सी-ब्लॉक स्थित टाइप-3 आवासीय परिसर से तीन परिवारों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया है। प्रशासन ने जन-सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावित क्षेत्र को संवेदनशील घोषित कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम भी किए हैं।

डीएम ने किया मौके का निरीक्षण

तहसीलदार टिहरी की रिपोर्ट के अनुसार सुरक्षा दीवार के ठीक ऊपर स्थित आवास संख्या-4 (टाइप-3, सी-ब्लॉक) के आंगन का पुस्ता क्षतिग्रस्त पाया गया। यहां तीन परिवार निवास कर रहे थे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल स्वयं मौके पर पहुंचीं और अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।

तीन परिवारों को सुरक्षित स्थान पर किया शिफ्ट

एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता ने बताया कि मानसून के दौरान संभावित खतरे को देखते हुए आवास संख्या 4/1, 4/3 और 4/4 में रह रहे परिवारों को तत्काल भवन खाली कराकर सुरक्षित स्थानों पर अस्थायी आवास उपलब्ध कराया गया है। आवास संख्या 4/2 पहले से ही खाली था।

प्रशासन ने संवेदनशील भवन पर खतरे का चिन्ह लगाकर ढलान को तिरपाल और बालू की बोरियों से सुरक्षित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस को क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर 24 घंटे निगरानी रखने और अनावश्यक आवाजाही रोकने के आदेश दिए गए हैं।

प्राथमिकता पर पूरा होगा सुरक्षा दीवार का निर्माण

प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा दीवार का शेष निर्माण कार्य अब लोक निर्माण विभाग (PWD) नई टिहरी द्वारा स्वीकृत डिजाइन के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।

निर्माण का खर्च संबंधित भू-स्वामी वहन करेगा, लेकिन कार्य में देरी न हो, इसलिए विभाग ने धनराशि की प्रतीक्षा किए बिना ही निर्माण शुरू कर दिया है।

अवैज्ञानिक उत्खनन की होगी जांच

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्थल पर हुए कथित अवैज्ञानिक उत्खनन से जन-जीवन और सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ है। मामले की जांच के लिए पुलिस को निर्देश दिए गए हैं ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके और भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने लोगों से संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही बताया गया कि सुरक्षा दीवार का निर्माण पूरा होने और सुरक्षा प्रमाण-पत्र मिलने के बाद ही प्रभावित परिवारों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button