UPPOLICEआगराउत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ट्रेंडिंग

नव नियुक्त सिपाहियों से भरी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, तीन घायल

लखनऊ से आगरा लौट रही थी रोडवेज बस, हादसे में बाल-बाल बचे 44 सिपाही

जन एक्सप्रेस, आगरा। रविवार रात को यूपी पुलिस के नव नियुक्त सिपाहियों के साथ एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से नियुक्ति पत्र लेकर आगरा लौट रही ताज डिपो की रोडवेज बस को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन सिपाही घायल हो गए, जबकि बाकी सवारियों को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद बस रेलिंग तोड़कर खंदक में जा गिरी।

हादसा फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ

यह दुर्घटना रात लगभग 8:30 बजे थाना फतेहाबाद क्षेत्र अंतर्गत एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 27.800 पर हुई। चालक ने बस को किनारे खड़ा किया ही था कि तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ती हुई नीचे खंदक में जा गिरी।

चीख-पुकार मची, ग्रामीण पहुंचे मदद को

हादसे के तुरंत बाद बस में अफरातफरी मच गई। सिपाहियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी फतेहाबाद अमरदीप और प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

तीन सिपाही घायल, चालक फरार

घायलों की पहचान रोविन पुत्र विजय सिंह (खेड़ा भगौर, मलपुरा), सुंदरम शर्मा पुत्र कुलदीप शर्मा (चौरंगाहार, बाह), और रनवीर सिंह पुत्र विजेंद्र सिंह (सामंतापुरा, सैंया) के रूप में हुई है। तीनों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

दूसरी बस से बाकी सिपाही भेजे गए आगरा

बस में कुल 47 लोग सवार थे, जिनमें 44 नव नियुक्त सिपाही शामिल थे। बाकी सिपाहियों को ताज डिपो की एक दूसरी बस से आगरा पुलिस लाइन रवाना किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button