उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगलखनऊ

यूपी पंचायत चुनाव 2025: 4608 ग्राम पंचायत वार्ड होंगे कम, 504 पंचायतों में कटौती से बदलेगा चुनावी नक्शा

चित्रकूट समेत कई जिलों में दो-दो पंचायतें प्रभावित, वार्डों के पुनर्गठन का काम शुरू, 15 जुलाई तक होगी प्रक्रिया पूरी

जन एक्सप्रेस लखनऊ | उत्तर प्रदेश में वर्ष 2025 में प्रस्तावित पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारी तेज हो गई है। पंचायतों की संख्या में बदलाव के चलते इस बार का चुनावी भूगोल बदलता दिखेगा। पंचायतीराज विभाग ने 504 ग्राम पंचायतों को घटाकर उनके अधीन आने वाले लगभग 4608 ग्राम पंचायत वार्ड समाप्त करने की कार्यवाही शुरू कर दी है।

ग्राम पंचायतों की संख्या घटी, वार्डों का पुनर्गठन जारी

पंचायतों की आंशिक पुनर्संरचना के बाद अब वार्डों का पुर्नगठन किया जा रहा है। आंकड़ों के अनुसार, इस बार वर्ष 2021 की तुलना में 494 ग्राम पंचायतें कम होंगी। उस समय 58,189 ग्राम पंचायतों में चुनाव हुआ था, जबकि इस बार यह संख्या 57,695 रह जाएगी।

वार्डों की संख्या घटाने के साथ ही लगभग 250 क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) वार्ड और 12 जिला पंचायत वार्ड भी कम हो जाएंगे।

वार्ड गठन का आधार – जनसंख्या पैमाना

वार्डों के पुनर्गठन का मानक राज्य सरकार द्वारा निर्धारित किया गया है।

0–1000 की जनसंख्या पर: 9 वार्ड

1001–2000 पर: 11 वार्ड

2001–3000 पर: 13 वार्ड

3001 व उससे अधिक: अधिकतम 15 वार्ड

15 से अधिक वार्ड किसी भी पंचायत में नहीं बनाए जा सकते। इन मानकों के आधार पर 4608 ग्राम पंचायत वार्डों का विलोपन सुनिश्चित किया गया है।

ग्राम पंचायतों में बनावट का बड़ा बदलाव, 11 जिलों में बनीं नई पंचायतें

जहाँ एक ओर 504 पंचायतें घटी हैं, वहीं 11 नई पंचायतें भी अस्तित्व में आई हैं।
इनमें शामिल हैं:

बस्ती में 2

बहराइच में 2

आजमगढ़, बाराबंकी, फतेहपुर, गोरखपुर, हरदोई, प्रतापगढ़, उन्नाव में 1-1 नई पंचायत।

105 पंचायतें आंशिक रूप से प्रभावित, चित्रकूट में भी फेरबदल

प्रदेश में 105 पंचायतें आंशिक रूप से प्रभावित हुई हैं, जहां राजस्व ग्रामों की अदला-बदली हुई है।
इनमें से प्रमुख जिले हैं: मऊ (11) अयोध्या, पीलीभीत, देवरिया, प्रतापगढ़ (10-10) गोरखपुर (8), हरदोई (7), जौनपुर (6) चित्रकूट, सोनभद्र, गौतमबुद्ध नगर, बलरामपुर, अलीगढ़ (2-2) चित्रकूट जिले की दो पंचायतें आंशिक रूप से प्रभावित हुई हैं, जिससे उनके वार्ड परिसीमन में बदलाव तय माना जा रहा है।

15 जुलाई तक पूरा होगा वार्ड पुनर्गठन का कार्य

पंचायतीराज विभाग ने स्पष्ट किया है कि 15 जुलाई 2025 तक वार्डों के परिसीमन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद आरक्षण सूची व अधिसूचना जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी।

पिछली बार के मुकाबले यह रहेगा अंतर

वर्ष ग्राम पंचायत क्षेत्र पंचायत सदस्य जिला पंचायत सदस्य ग्राम वार्ड

2021 58,189 75,855 3,051 731,811
2025 57,695 (संभावित) ~75,600 ~3,039 ~727,000 (अनुमानित)

इस बार का पंचायत चुनाव केवल प्रशासनिक कवायद नहीं, बल्कि राजनीतिक समीकरणों की नई तस्वीर पेश करेगा। पंचायतों और वार्डों के पुर्नगठन से न सिर्फ ग्रामीण सियासत की दिशा बदलेगी, बल्कि कई पुराने नेताओं की राजनीतिक ज़मीन भी खिसक सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button