उत्तर प्रदेशलखनऊ

कड़ी सुरक्षा के बीच यूपी पीसीएस प्री परीक्षा संपन्न, बायोमीट्रिक जांच और सीसीटीवी से निगरानी

लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी समेत कई जिलों में बनाए गए सैकड़ों केंद्र; प्रवेश से पहले तलाशी, बायोमीट्रिक व आई स्कैनिंग अनिवार्य

जन एक्सप्रेस, लखनऊ: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2025 रविवार को अवध के विभिन्न जिलों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराई जा रही है। राजधानी लखनऊ समेत बाराबंकी, अयोध्या, रायबरेली, बलरामपुर, श्रावस्ती और अमेठी में परीक्षा दो पालियों में आयोजित हो रही है।

लखनऊ में 59 केंद्र, 27 हजार से अधिक परीक्षार्थी
राजधानी लखनऊ में 59 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिसमें करीब 27 हजार अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे शुरू हुई, जिसके लिए अभ्यर्थियों को सुबह 8:15 बजे से ही प्रवेश देना शुरू कर दिया गया था। तलाशी के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।

बलरामपुर में 4 केंद्रों पर परीक्षा, मजिस्ट्रेट तैनात
बलरामपुर जिले में एमपीपी इंटर कॉलेज और एमएलके पीजी कॉलेज के तीन संकायों में कुल चार केंद्र बनाए गए हैं। यहां सुबह 8 बजे से ही परीक्षार्थियों का प्रवेश शुरू हो गया था। प्रत्येक केंद्र पर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं और सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा की निगरानी की जा रही है।

रायबरेली में मेटल डिटेक्टर से जांच
रायबरेली में 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। मेटल डिटेक्टर से जांच और सघन तलाशी के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा बल के साथ-साथ स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात रहे।

श्रावस्ती में नकलविहीन परीक्षा की तैयारी
श्रावस्ती में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 2232 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

अमेठी में हाईटेक इंतजाम – बायोमीट्रिक और आई स्कैनिंग से प्रवेश
अमेठी जिले में 15 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है, जहां कुल 6202 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। यहां अभ्यर्थियों की बायोमीट्रिक पहचान, आई स्कैनिंग और बारकोड युक्त प्रवेश पत्र जांचने के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में भेजा गया।परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा की दृष्टि से दुकानें बंद रखी गईं जिससे परीक्षार्थियों और परिजनों को पानी व नाश्ते जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ी।सभी जिलों में डीएम, डीआईओएस और अन्य प्रशासनिक अधिकारी लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों के जरिए नियंत्रण कक्ष से परीक्षा की निगरानी की जा रही है। डीएम संजय चौहान ने बताया कि परीक्षा पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button