उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

महराजगंज: SSB ने लगाया निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, 108 ग्रामीणों की जांच

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के तहत 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल महराजगंज द्वारा शुक्रवार को ठूठीबारी क्षेत्र के ग्रामसभा बोदना में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया।शिविर का संचालन संयुक्त अस्पताल एसएसबी गोरखपुर एवं 22वीं वाहिनी एसएसबी, महराजगंज के संयुक्त सहयोग से किया गया।

शिविर में अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों की नेत्र संबंधी समस्याओं की गहन जांच कर उन्हें निःशुल्क दवा भी वितरित की गई। इस दौरान कुल 108 ग्रामीणों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 32 लोगों में मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) की पहचान की गई। चिन्हित सभी मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन संयुक्त अस्पताल एसएसबी गोरखपुर के माध्यम से कराया जाएगा। उपरोक्त आयोजन का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना एवं जरूरतमंद ग्रामीणों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना रहा। शिविर से लाभान्वित ग्रामीणों ने इस सराहनीय पहल के लिए सशस्त्र सीमा बल एवं चिकित्सा टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, महराजगंज द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं, जिससे सीमावर्ती इलाकों में स्वास्थ्य, जागरूकता और विश्वास का वातावरण मजबूत हो रहा है।
इस अवसर पर डॉ. दिनेश कुमार मिश्रा, उप महानिरीक्षक (चिकित्सा), डॉ. मृणाली, द्वितीय कमान अधिकारी (चिकित्सा) तथा डॉ. अमित नंदन त्रिपाठी, द्वितीय कमान अधिकारी (चिकित्सा), 22वीं वाहिनी महराजगंज उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button