भूमि विवाद को दो पक्षों में मारपीट का वीडियो वायरल

जन एक्सप्रेस/महराजगंज : पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रामपुर में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्ष गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला करते हुए दिखाई दे रहे है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम रामपुर निवासी अमित कुमार अपनी जमीन में राजस्व विभाग द्वारा की गई पैमाइश के बाद पिलर लगाने के लिए गए थे। उसी दौरान दूसरा पक्ष मौके पर पहुंचा और विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और आरोपियों ने लाठी-डंडों से अमित कुमार और उनकी पत्नी पर हमला बोल दिया। मामले में पीड़ित अमित कुमार ने पनियरा थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अमित कुमार ने बताया कि इससे पूर्व भी उन्होंने भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर शिकायत की थी। उन्होंने निर्माण खंड, लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखकर अवैध कब्जा हटवाने की मांग की थी। पीड़ित का कहना है कि विवादित भूमि उनकी पैमाइश के अनुसार वैध है और वह अपनी भूमि की सीमा स्पष्ट करने के लिए पिलर लगा रहे थे। लेकिन विरोधी पक्ष जबरन उस भूमि पर कब्जा बनाए रखना चाहते है और इसी वजह से मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया। इस बाबत पनियरा प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है जांच कराने के बाद विधिक कार्यवाही की जाएगी।






