
जन एक्सप्रेस/विकासनगर: मंगलवार देर रात आपरेशन प्रहार के तहत चल रहे सघन वाहन चैकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध काली कार ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की। जब डाकपत्थर तिराहे के पास हरबर्टपुर की ओर से तेज रफ्तार से आ रही हरियाणा नंबर की कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से भाग निकला।
पुलिस की सूचना पर अन्य चैक पोस्टों को अलर्ट किया गया। कुछ देर बाद धनवंतरी चौक के पास कैनाल रोड पर कार रुकी हुई थी और सवार युवक हंगामा कर रहे थे। पुलिस मौके पर पहुंची तो कार चालक ने तेजी से बैक करते हुए सरकारी वाहन को टक्कर मार दी और एक पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान एक स्थानीय व्यक्ति ने युवकों को रोकने की कोशिश की तो उसे भी कार से टक्कर मार दी गई। दोनों घायलों को तुरंत लेहमन अस्पताल विकासनगर में भर्ती कराया गया।
फरार कार की सूचना व्हाट्सएप और कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी जगह प्रसारित की गई। बाद में सूचना मिली कि कार बल्लीवाला फ्लाईओवर के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में चालक समेत दो व्यक्ति सवार थे। घायल चालक को सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दूसरे व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि तीन अन्य साथी दुर्घटना के बाद पैदल भाग गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
साहिल (20 वर्ष), पुत्र आनंद सिंह, निवासी टीचर कॉलोनी, डाकपत्थर, कोतवाली विकासनगर, देहरादून, आयुष (24 वर्ष), पुत्र मूसा मसीह, निवासी पहाड़ी गली, मार्टेंडेल, थाना विकासनगर, देहरादून,अंशुल चौहान (21 वर्ष), पुत्र दिलीप चौहान, निवासी जीवनगढ़, कोतवाली विकासनगर (स्थायी निवासी हयब टकरी, थाना चकराता, देहरादून), प्रियांशु (21 वर्ष), पुत्र पूरण सिंह, निवासी बामनवाला, हरिपुर, कालसी, देहरादून
मेडिकल परीक्षण में सभी आरोपियों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के बाद वे पुलिस से बचने के लिए देहरादून की ओर भागे और सघन चैकिंग से बचने के लिए मुख्य सड़क छोड़कर गलियों-मोहल्लों से निकलने वाले रास्तों का इस्तेमाल किया।
एसएसआई शिशुपाल राणा ने बताया कि एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जनपद में चल रहे चैकिंग अभियान के दौरान यह घटना हुई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है। घायल पुलिसकर्मी व स्थानीय व्यक्ति का इलाज चल रहा है, जबकि दुर्घटना में घायल कार चालक भी अस्पताल में उपचाराधीन है। यह घटना सड़क सुरक्षा और पुलिस ड्यूटी के दौरान होने वाले हमलों की गंभीरता को रेखांकित करती है।





