जौनपुर: जमीनी विवाद में हिंसक झड़प, लाठी-डंडों और हथियारों से हमला, पांच गंभीर घायल
लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मीरपुर गांव में बवाल, एक घायल हायर सेंटर रेफर, गांव में पुलिस तैनात

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प से इलाके में तनाव फैल गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला हो गया, जिसमें कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मीरपुर गांव में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को इसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। झड़प के दौरान लाठी-डंडों के साथ-साथ धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस घटना में सावन मौर्य को सबसे अधिक गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने बताया कि सावन मौर्य के सिर और शरीर पर गहरी चोटें लगी हैं। उनकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि घटना से नाराज ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
न्याय की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शाहगंज–जौनपुर हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम के चलते कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। काफी मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया जा सका और यातायात बहाल हुआ।
घटना को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना के बाद से मीरपुर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाए तो भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है। फिलहाल घायल परिवारों में दहशत और चिंता का माहौल है।






