हाथरस बार एसोसिएशन चुनाव में उत्साह की लहर, अध्यक्ष व सचिव पद पर कड़ा मुकाबला
दीवानी न्यायालय परिसर में जारी मतदान, 650 अधिवक्ता डाल रहे अपना वोट; शाम 5 बजे से शुरू होगी मतगणना

जन एक्सप्रेस हाथरस। बार एसोसिएशन चुनाव आज दीवानी न्यायालय परिसर में पूरे उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रहा है। सुबह होते ही अधिवक्ताओं की मतदान केंद्र पर लंबी कतारें दिखने लगीं और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल 650 अधिवक्ता अध्यक्ष, सचिव और अन्य पदों के लिए मतदान कर रहे हैं।अध्यक्ष पद पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला रोमांच बढ़ा रहा है। दिनेश बंसल एडवोकेट, पवन शर्मा एडवोकेट और अजय भारद्वाज एडवोकेट के बीच कड़ी टक्कर देखी जा रही है। वहीं सचिव पद के लिए विनोद कुमार उर्फ बंटी और ललित उपमन्यु आमने-सामने हैं, जिससे यह पद भी चर्चा का केंद्र बना हुआ है। अन्य पदों के लिए भी मतदान शांतिपूर्वक जारी है।चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाए रखने के लिए न्यायालय परिसर में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा, जिसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। अधिवक्ताओं में पूरे दिन चुनाव को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और सभी को परिणामों का बेसब्री से इंतजार है।






