जलाभिषेक कर की मनवांछित फल की कामना
गुरु पूर्णिमा पर लोधेश्वर में लगा भक्तों का जमावड़ा

जन एक्सप्रेस संवाददाता।
रामनगर-बाराबंकी। लोधेश्वर महादेवा के प्रसिद्ध शिव मंदिर पर सोमवार को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन अर्चन व जलाभिषेक कर मनोवांछित फल की कामना की। सोमवार को भोर से लोधेश्वर महादेवा के शिव मंदिर पर श्रद्धालुओं का भारी जमावड़ा लगना शुरूहो गया। जिनके बोल बम व बम बम भोले के जयघोषों से संपूर्ण मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। बता दें कि यह वही लोधेश्वर महादेव शिवलिंग है जो कि विश्व में 52वें अनोखे शिवलिंग के रूप में माना जाता है। इसकी कथा पौराणिक है और इसे महाभारत कालीन पांडवों द्वारा पूजित भी बताया जाता है।

कुछ जानकारों का मानना है कि यह कामना पूर्ति शिवलिंग है। इसके सामने बैठकर सच्चे मन से जो भी आप कामना करेंगे वह लोधेश्वर महादेव जल्द ही पूरी कर देंगे। इस दौरान पूर्व में यहां आयोजित विशाल मेले को सकुशल संपन्न करा चुकी मेला सचिव व उप जिला अधिकारी रामनगर तान्या भी संपूर्ण मेला परिसर में भ्रमण सील रहते हुए लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लेती रही।पूर्व में समाचार पत्रों में प्रकाशित हुई खबरों का असर भी हुआ और संबंधित विभागों ने पहुंचकर संपूर्ण मेला परिसर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया है।
सावन माह से पहले पढ़ी गुरु पूर्णिमा व सोमवार के विशेष संयोग पर यहां आए श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के मठ रिसीवर हरिप्रसाद द्विवेदी ने भंडारे का आयोजन किया। जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पूड़ी सब्जी व बूंदी का प्रसाद ग्रहण किया। वहीं मंदिर में सुबह से लेकर देर रात तक होने वाली श्रृंगार पूजा तक श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहा।






