सितारगंज में युवक पर लोहे की रॉड से हमला, कार सवार तीन अज्ञात लोगों पर मारपीट और धमकी का आरोप

जन एक्सप्रेस /उत्तराखंड :- सितारगंज बाजार से घर लौट रहे एक युवक को कार सवार तीन अज्ञात लोगों द्वारा रास्ते में रोककर मारपीट करने और लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में पीड़ित के पिता ने कोतवाली सितारगंज में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के अनुसार ग्राम थारू तिसौर (कैलाशपुरी) निवासी गंगासागर पुत्र सुदर्शन प्रसाद का करीब 24 वर्षीय पुत्र आनंद सिंह 21 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे मोटरसाइकिल से बाजार से घर लौट रहा था।

आरोप है कि नकुलिया चौराहे के पास एक बलेनो कार ने उसकी मोटरसाइकिल के आगे आकर उसे रोक लिया। कार से तीन अज्ञात युवक उतरे। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इनमें से एक के हाथ में माउजर पिस्टल और दूसरे के हाथ में देसी तमंचा था, जबकि तीसरा युवक मोबाइल से वीडियो बना रहा था। शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपियों ने युवक को धमकाते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने कार से लोहे की रॉड निकालकर युवक पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। तहरीर में यह भी आरोप है कि आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहे थे। घटना के दौरान युवक के छोटे भाई राजकौशल और पिता के वहां पहुंचने पर आरोपी कथित तौर पर अपनी कार से फरार हो गए।

परिजनों ने घायल युवक को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। तहरीर में नानकमत्ता निवासी गुरजीत सिंह पुत्र कुलबीर सिंह का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि करीब दो माह पूर्व गुरजीत सिंह के खिलाफ सिंचाई विभाग की भूमि पर बने ताज पैलेस व होटल पैराडाइज को लेकर आरटीआई लगाई गई थी। आरोप है कि इसके बाद से उनके पुत्र को धमकियां दी जा रही थीं और समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा था। शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना से पहले भी उनके पुत्र को धमकियां मिलने की बात सामने आई थी। उन्होंने कोतवाली पुलिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों अज्ञात हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।






