गंगा एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, कई यात्री घायल

जिला संवाददाता-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई: गंगा एक्सप्रेसवे पर सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 286 के पास हुआ। बस लुधियाना से यात्रियों को लेकर बांगरमऊ, उन्नाव की ओर जा रही थी। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार बस संख्या UP81 BT 7608 में करीब 60 यात्री सवार थे। बताया गया कि किलोमीटर संख्या 286 के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार कुछ यात्रियों के घायल होने की सूचना है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही सवायजपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस ने घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, बस में सवार अन्य यात्रियों को भी सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
*चालक-कंडक्टर मौके से फरार*
दुर्घटना के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। हादसे के संबंध में बस में सवार यात्रियों से भी जानकारी ली जा रही है, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।





