अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट जल्द लागू करने की मांग, ग्रेट लॉयर्स एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई :- अधिवक्ताओं की सुरक्षा, संरक्षण और सम्मान को लेकर द ग्रेट लॉयर्स एसोसिएशन तहसील सवायजपुर एवं संयुक्त जिला बार एसोसिएशन हरदोई ने उत्तर प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट (अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम) शीघ्र लागू किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में मुख्यमंत्री/राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी सवायजपुर के माध्यम से भेजा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर यह मांग लंबे समय से चली आ रही है। प्रदेश के अधिवक्ताओं एवं विभिन्न संघों की मांग पर प्रदेश सरकार ने सितंबर 2023 में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट का मसौदा तैयार कराने के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया था। समिति ने मसौदा एवं उसके क्रियान्वयन पर विचार के लिए अपनी रिपोर्ट राज्य विधि आयोग उत्तर प्रदेश को सौंप दी थी, लेकिन करीब तीन वर्ष बीतने के बाद भी इस दिशा में सकारात्मक पहल नहीं हुई।
अधिवक्ता संघ ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग हैं और न्यायालयों में अपने मुवक्किलों का निष्पक्षता से पक्ष रखते हुए कानून के शासन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद बीते समय में वकीलों पर हमले, मारपीट, झूठे मुकदमों और उनके परिवार को धमकाने की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे अधिवक्ताओं में भय का वातावरण बना है।
ज्ञापन में उत्तर प्रदेश सरकार से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट का मसौदा तत्काल सार्वजनिक कर लागू करने, अधिवक्ताओं पर हमला करने वालों के लिए कठोर सजा एवं त्वरित कार्रवाई का प्रावधान करने तथा त्वरित न्याय के लिए फास्ट ट्रैक न्यायालयों का गठन करने की मांग की गई है।
इसके अलावा अधिवक्ताओं और उनके परिवारों के लिए उचित बीमा एवं आपातकालीन सुरक्षा उपलब्ध कराने, किसी अधिवक्ता के विरुद्ध उसके पेशेवर कार्य से संबंधित प्राथमिकी दर्ज करने से पहले स्थानीय बार एसोसिएशन एवं समिति द्वारा निष्पक्ष जांच कराए जाने की व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई है। ज्ञापन में हिंसक घटना में अधिवक्ता की संपत्ति को नुकसान होने पर आरोपी से तत्काल वसूली कर पीड़ित अधिवक्ता को मुआवजा देने तथा गंभीर मामलों में सरकार की ओर से सुरक्षा एवं वित्तीय सहायता मुहैया कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में द ग्रेट लॉयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राज प्रकाश सिंह चौहान एडवोकेट और महामंत्री देवेश कुमार बाजपेयी एडवोकेट सहित संगठन के पदाधिकारियों की ओर से अधिवक्ताओं की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को तत्काल लागू किए जाने की मांग की गई है।इस मौके पर संजय पांडेय, उदयराज सिंह,ब्रजभान सिंह,अनुपम दुबे,आलोक सिंह चौहान,राघवेंद्र शुक्ला,संजीव मिश्रा सहित तमाम अधिवक्ता मौजूद रहे।





