
जन एक्सप्रेस /पुरोला :- विकासखण्ड के ग्राम पंचायतों के उप प्रधानों की बैठक नगर पालिका सभागार में आयोजित कि गई जिसमें संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। बैठक में विभिन्न ग्राम पंचायतों से पहुंचे उप प्रधानों ने संगठन को मजबूत बनाने तथा पंचायत स्तर के विकास कार्यों और उप प्रधानों के अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का चुनाव किया।
बैठक में ग्राम पंचायत नौरी के उप प्रधान आजाद चौहान को सर्वसम्मति से संगठन का अध्यक्ष चुना गया। वहीं ग्राम पंचायत ठकराड़ी की सरिता को उपाध्यक्ष तथा ग्राम पंचायत पोरा के अनिल किशोर को महामंत्री/सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अलावा ग्राम पंचायत हुडोली की दीपिका को उप सचिव, ग्राम पंचायत धीवरा के सोहन सिंह पोखरियाल को कोषाध्यक्ष, जबकि जगजीवन राणा और काजल को संगठन मंत्री एवं मीडिया प्रभारी बनाया गया। ग्राम पंचायत लमकोटी के प्रवीन रावत को लेखाकार तथा प्रेमलाल,महावीर सिंह पंवार एवं सुस्मिता देवी को कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया। बैठक में पदाधिकारियों ने संगठन को अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने, ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों में प्रभावी भूमिका निभाने तथा उप प्रधानों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों के उप प्रधान व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


