
जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :- सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जनपद में संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान अब रफ्तार पकड़ने लगा है। स्वास्थ्य उपकेंद्र स्तर पर टीकाकरण की सुविधा शुरू होने और विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाने के बाद बीते एक सप्ताह में 322 पात्र बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है। बुधवार को भी 68 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में अभियान को गति देने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर तैनात एएनएम विद्यालयों में पहुंचकर छात्राओं को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर से बचाव और टीकाकरण के महत्व की जानकारी दे रही हैं। साथ ही पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों को समय पर टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी भी अभियान की निगरानी के लिए स्वयं विद्यालयों में पहुंच रही हैं। उन्होंने अगस्त्यमुनि, परकंडी और तिलकनगर स्थित राजकीय इंटर कॉलेजों का भ्रमण कर छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने एचपीवी संक्रमण से बचाव, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और एचपीवी वैक्सीन की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी 81 स्वास्थ्य उपकेंद्रों में उन बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है, जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, लेकिन अभी 15 वर्ष की नहीं हुई हैं। जनपद में इस लक्षित आयुवर्ग की 1943 बालिकाओं के सापेक्ष बुधवार तक कुल 435 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए डॉ. टेकचंदानी ने बुधवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने विद्यालयों में पात्र छात्राओं को एचपीवी संक्रमण और सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक करने तथा समय पर टीकाकरण सुनिश्चित कराने में सहयोग की अपील की।
इसके अलावा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जखोली विकासखंड में एएनएम की बैठक लेकर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने एएनएम को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पात्र बालिकाओं की पहचान कर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।






