गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस, प्रतापगढ़ :- जिले की देहात कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे अभियुक्त कुलदीप बनवासी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मकरी मोड़ के पास पूरे हीरावन से मुखबिर की सूचना पर पकड़ा। पुलिस के अनुसार एसपी दीपक भूकर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार व सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा के पर्यवेक्षण में देहात कोतवाली पुलिस संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुलदीप बनवासी पुत्र नन्हेलाल, निवासी ग्राम नमक शायर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कोतवाली देहात में 19 अगस्त को गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी इसी मुकदमे में वांछित था। इसके पहले भी आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई करने के बाद न्यायालय भेज दिया।






