UP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

टिलिया घटवासा में पशुपालन विभाग ने लगाया स्वास्थ्य शिविर, पशुओं को दवा व गौवंशों का किया टीकाकरण

हरपालपुर विकासखंड के बाढ़ प्रभावित गांव टिलिया घटवासा में गुरुवार को पशुपालन विभाग की टीम ने शिविर लगाकर पशुओं के स्वास्थ्य की जांच की तथा पशुपालकों को आवश्यक दवाओं का वितरण किया।

बी जी मिश्र/जिला संवाददाता

जन एक्सप्रेस /हरदोई :-  हरपालपुर विकासखंड के बाढ़ प्रभावित गांव टिलिया घटवासा में गुरुवार को पशुपालन विभाग की टीम ने शिविर लगाकर पशुओं के स्वास्थ्य की जांच की तथा पशुपालकों को आवश्यक दवाओं का वितरण किया। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हरिमोहन वर्मा के नेतृत्व में टीम ने गांव में पहुंचकर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया और गौवंशों का टीकाकरण कराया।

इस दौरान चिकित्सकीय टीम ने पशुपालकों को बाढ़ के दौरान पशुओं के स्वास्थ्य एवं खानपान को लेकर विशेष सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया। पशुओं को दूषित पानी न पिलाने, उन्हें गीले स्थान पर न बांधने तथा चारा एवं भूसा सूखे स्थान पर सुरक्षित रखने की सलाह दी गई। साथ ही किसी पशु में बुखार, सुस्ती, भूख न लगना, दस्त या अन्य बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करने की अपील की गई।

डॉ. हरिमोहन वर्मा ने कहा कि बाढ़ के दौरान पशुओं में संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए पशुपालक पशुओं की साफ-सफाई और खानपान का विशेष ध्यान रखें तथा समय से टीकाकरण अवश्य कराएं। किसी भी प्रकार की बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा देने के बजाय पशु चिकित्सक की सलाह लें। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए विभाग की टीम लगातार निगरानी और आवश्यक उपचार की व्यवस्था कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button