डकैती की योजना बना रहे पांच आरोपी गिरफ्तार, दो तमंचे व कारतूस समेत दो बाइक बरामद

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे 5 आरोपियों को दो तमंचे, चार कारतूस, प्लास, सब्बल और दो बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को कोतवाली देहात पुलिस टीम थाना क्षेत्र में भ्रमणशील थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट व चोरी की घटना को अंजाम देने वाले शातिर अपराधी मील कॉलोनी मोड़ के पास मौजूद हैं और डकैती डालने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अविनाश कुमार उर्फ विपुल पुत्र चन्द्रकान्त निवासी देहपुरवा, थाना सुरसा, जनपद हरदोई; राजकिशोर पुत्र रामपाल निवासी देहपुरवा, थाना सुरसा, जनपद हरदोई; श्यामप्रकाश पुत्र राजेश निवासी अंटा, थाना कछौना, जनपद हरदोई; श्रवण उर्फ सरवन पुत्र मकदन निवासी भिखारीपुरवा, थाना सुरसा, जनपद हरदोई तथा रामविलास पुत्र शंकर निवासी बन्दनिया, थाना सुरसा, जनपद हरदोई के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक तमंचा 315 बोर, तीन कारतूस 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, एक प्लास, एक सब्बल तथा दो बाइक बरामद की हैं।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घर की रेकी कर चुके थे तथा रात में घर में घुसकर सोना-चांदी लूटकर भागने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।इस संबंध में कोतवाली देहात में पांचों आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।






