UP Breaking NewsUP POLICEUPPOLICEउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

बाढ़ की आशंका के बीच कोटेदारों को पर्याप्त राशन रखने के निर्देश

रिपोर्ट-प्रतुल कुमार

जन एक्सप्रेस /हरपालपुर :-  नदियों के लगातार बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। विभाग ने बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील गांवों में खाद्यान्न की उपलब्धता बनाए रखने के लिए कोटेदारों को पर्याप्त राशन का अग्रिम स्टॉक रखने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पूर्ति निरीक्षक अशोक द्विवेदी ने क्षेत्र के विभिन्न बाढ़-संवेदनशील गांवों के राशन दुकानदारों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

पूर्ति निरीक्षक ने अरवल, परचौली, दयालपुर और बेहटा लाखी गांवों के कोटेदारों को निर्देशित किया कि वे अपनी-अपनी दुकानों पर गेहूं, चावल समेत अन्य आवश्यक खाद्यान्न का पर्याप्त स्टॉक पहले से सुरक्षित रखें, ताकि जलस्तर बढ़ने अथवा बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर ग्रामीणों को राशन के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के दौरान खाद्यान्न की उपलब्धता सबसे महत्वपूर्ण होती है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

अशोक द्विवेदी ने कोटेदारों से कहा कि आपदा या आपात स्थिति उत्पन्न होने पर जरूरतमंद एवं प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल राशन उपलब्ध कराया जाए। वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की समस्या आने पर इसकी सूचना तत्काल विभागीय अधिकारियों को दी जाए, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई और राहत व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ की स्थिति में खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग की ओर से राशन दुकानों के स्टॉक और वितरण व्यवस्था पर निगरानी भी रखी जाएगी, ताकि प्रभावित ग्रामीणों को समय से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सके।निरीक्षण के दौरान कोटेदार संघ हरपालपुर के ब्लॉक अध्यक्ष विनोद पांडेय भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button