बारिश में ढही स्कूल की बाउंड्री, जहरीला सांप घुसा, 72 बच्चों की सुरक्षा पर संकट

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- ग्राम पंचायत हरपालपुर के गुलौली गांव स्थित संविलियन विद्यालय की करीब 30 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल हालिया बारिश के चलते ढह गई। दीवार गिरने से विद्यालय में पढ़ने वाले 72 छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा पैदा हो गया है। विद्यालय के पास खेत होने के कारण जहरीले जीव-जंतुओं और सांपों के परिसर में घुसने की आशंका बनी हुई है।
सोमवार को टूटी बाउंड्री के रास्ते एक जहरीला सांप विद्यालय परिसर में घुस आया। सांप दिखाई देने पर बच्चों और शिक्षकों में हड़कंप मच गया। शिक्षकों ने सतर्कता बरतते हुए करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित विद्यालय परिसर से बाहर निकाला। घटना के बाद विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने बाउंड्री वॉल के निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि करीब सात वर्ष पहले बनाई गई दीवार इतनी कम अवधि में जर्जर होकर ढह गई, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।इसके अलावा विद्यालय के कमरों की खिड़कियों में भी काफी जगह खुली हुई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जल्द बाउंड्री का निर्माण न कराया गया तो बच्चों के लिए खतरा और बढ़ सकता है।ग्राम विकास अधिकारी अभिषेक पाल ने बताया कि वह जल्द ही मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच करेंगे। बाउंड्री वॉल के नए निर्माण के लिए शीघ्र एस्टीमेट तैयार कराकर कार्य शुरू कराया जाएगा।






