हरदोई में मासूम की मौत पर फूटा गुस्सा,हरदोई-लखनऊ मार्ग पर लगाया जाम,कार्यवाई का मिला आश्वासन

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।सोमवार सुबह पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हरदोई-लखनऊ मार्ग पर जाम लगा दिया। सड़क पर जाम लगने से यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही सीओ सिटी, शहर कोतवाल समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद उन्होंने जाम खोल दिया और यातायात सुचारु हो सका।
मामला कोतवाली शहर क्षेत्र के मोहल्ला चांद बेहटा का है। यहां रक्षाबंधन पर ननिहाल आई बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के गुरौली गांव निवासी प्रमोद की चार वर्षीय बेटी माही रविवार सुबह घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान मछलियों से लदे पिकअप डाला ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल माही को हरदोई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि माही की मां मंजू देवी रक्षाबंधन पर अपने मायके चांद बेहटा आई थीं। उसके पिता प्रमोद दिल्ली में रहकर राजमिस्त्री का काम करते हैं। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप डाला को कब्जे में ले लिया था और चालक की तलाश शुरू कर दी थी। सोमवार को कार्रवाई को लेकर परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए। पुलिस का कहना है कि पिकअप कब्जे में है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।






