लेवड़ा नदी का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन अलर्ट; प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा

जिला संवाददाता -सुल्तान अंसारी
जन एक्सप्रेस /बाजपुर : लेवड़ा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है। रविवार को पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राजेश कुमार ने उप जिलाधिकारी और तहसीलदार के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर मौके की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान राजेश कुमार ने प्रशासनिक अधिकारियों से नदी के जलस्तर और संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने तथा आपदा की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और राहत-बचाव की तैयारियां दुरुस्त रखने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत और बचाव पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया। राजेश कुमार ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे नदी-नालों, पुलों और जलभराव वाले संवेदनशील स्थानों के पास जाने से बचें। उन्होंने प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की।



