CrimeUP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

नाली विवाद को लेकर खूनी संघर्ष में मां घायल ,बेटे की मौत,चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई।हरपालपुर थाना क्षेत्र के बेहटा रमपुरा गांव में नाली के पानी की निकासी और सफाई को लेकर चल रहे विवाद ने रविवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पड़ोसियों के बीच हुए विवाद में क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) प्रेमादेवी और उनके 18 वर्षीय बेटे धीरेंद्र पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल धीरेंद्र की इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।शांति व सुरक्षा हेतु गांव में चार थानों की पुलिस तैनात की गई है।
जानकारी के अनुसार, नाली के पानी की निकासी को लेकर प्रेमादेवी के परिवार का पड़ोसी रामकिशोर से काफी समय से विवाद चल रहा था। सोमवार को प्रेमादेवी ने नाली की सफाई कराने और पानी की निकासी की बात कही। आरोप है कि इस पर रामकिशोर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर रामकिशोर, सीबू, रेखा और जीनू ने लाठी-डंडों से प्रेमादेवी और उनके बेटे धीरेंद्र पर हमला कर दिया।इस हमले में मां-बेटे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए सीएचसी हरपालपुर ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। धीरेंद्र की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर लखनऊ जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गयी। ट्रॉमा सेंटर पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक धीरेंद्र पुत्र रामलखन बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। धीरेंद्र के परिवार में पांच भाई नरेंद्र, अनंतराम, रवेंद्र, पवन और एक बहन साधना हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता रामलखन की तहरीर पर पुलिस ने सीबू, रामकिशोर, रेखा और जीनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने घटना में नामजद मुख्य आरोपी रामकिशोर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।घटना के बाद गांव में शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए सर्किल के थानों की पुलिस गांव में तैनात की गई है। पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।सीओ प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि वादी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। प्रकरण में अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button