
जन एक्सप्रेस /नैनीताल :- हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर दोगांव एवं डोलमार के बीच मलबा आने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वयं मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
एसएसपी ने पुलिस कंट्रोल रूम को यातायात सुचारू कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद जेसीबी को मौके पर भेजकर सड़क पर आए मलबे को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस टीम ने मौके पर यातायात को व्यवस्थित करते हुए वाहनों का आवागमन सुचारू कराया।
यातायात बहाल होने के बाद मार्ग पर फंसे वाहन चालक और यात्री अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मार्ग पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई।






