अतरौली थाने में जन्माष्टमी पर भक्ति में रंगी खाकी, गूंजे कृष्ण भजन

जन एक्सप्रेस/,हरदोई :- श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर अतरौली थाना परिसर का नजारा शुक्रवार को बदला-बदला नजर आया। कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाली खाकी भक्ति के रंग में रंगी दिखाई दी। थाना परिसर को विद्युत झालरों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया, वहीं महिला पुलिसकर्मियों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोली लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
थाना प्रभारी शिवाकांत पांडे के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की कामना की। महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए, जिससे देर तक थाना परिसर कृष्ण भक्ति में सराबोर रहा।
कार्यक्रम में हरदोई के एमएलसी अशोक अग्रवाल भी पहुंचे और भजनों का आनंद लिया। उन्होंने मधुर गीत प्रस्तुत कर माहौल को और भक्तिमय बना दिया। थाना प्रभारी शिवाकांत पांडे ने भी भजन में सहभागिता की और ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ की धुन पर भावविभोर नजर आए।
कार्यक्रम में एसएसआई विनोद शर्मा, दीवान मोहम्मद अनीस अहमद, महिला आरक्षियों सहित थाना पुलिसकर्मी एवं क्षेत्र के कई सम्मानित लोग मौजूद रहे। जन्माष्टमी का यह आयोजन पुलिसकर्मियों के बीच आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने के साथ क्षेत्र में भी चर्चा का विषय बना रहा।






