मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश: भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग जारी…

मध्य प्रदेश चुनाव को लेकर राज्य में भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग जारी है। इन सब के बीच एक बार फिर से शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा आदिवासियों को अपमानित किया है। यह कांग्रेस है जिसने कभी आदिवासी नेताओं का सम्मान नहीं किया। उन्होंने कहा कि हम उनके लिए स्मारक बना रहे हैं लेकिन कांग्रेस ने केवल एक ही परिवार के लोगों के स्मारक बनाये। हम आदिवासी महिलाओं के खाते में 1000 रुपए प्रति माह जमा कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने इसे बंद कर दिया। शिवारज ने आरोप लगाया कि उन्होंने संबल योजना को बंद कर दिया।
शिवराज ने साफ तौर पर कहा कि कमलनाथ और प्रियंका गांधी सुन लें कि हम आदिवासियों का सम्मान करेंगे और उन्हें सुविधाएं देंगे। भाजपा नेता ने दावा किया कि उन्होंने संभवतः ‘लाडली बहना’ योजना को बंद करने का निर्णय लिया है। यह एक चालू योजना है। इसे रोका नहीं जा सकता। इसका फायदा 1.32 करोड़ महिलाओं को है। उन्होंने कहा कि मैं मध्य प्रदेश की महिलाओं को आगाह करना चाहता हूं कि देख लें इनकी मंशा कैसी है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने पहले सबको ठगा था, लेकिन अब कमलनाथ जी, गांधी परिवार को ही ठगने का काम कर रहे हैं। वहीं, कमलनाथ ने पलटवार में कहा कि शिवराज जी, अपनी ही सरकार और पार्टी में हाशिये पर डाल दिए जाने के बाद से आप अत्यंत असंतुलित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। आज आपने सारी मर्यादाओं को तोड़ते हुए कह दिया कि गांधी परिवार ने देश को ठगा है, उनके बाप का क्या जाता है?
कांग्रेस नेता ने कहा कि जिन प्रियंका जी के पूज्य पिताजी के बारे में आप इस भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, वह भारतरत्न स्वर्गीय राजीव गांधी मातृभूमि के लिए शहीद हुए थे। प्रियंका जी की दादी श्रीमती इंदिरा गांधी ने देश की एकता अखंडता के लिए अपना लहू भारत माता को समर्पित किया था। आपकी झूठ फरेब की राजनीति, आपको मुबारक हो। मुझे और पूरे हिंदुस्तान को गांधी परिवार पर गर्व है क्योंकि गांधी देश के लिए जीना और मरना जानते हैं। एक बात और कि कांग्रेस झूठी घोषणा नहीं करती। हम तो उसी सनातन वाक्य पर चलते हैं- प्राण जाए पर वचन न जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button