भाजपा ने सांसदों को भी जन संवाद स्थापित करने के लिए लगाया : महेन्द्र भट्ट

देहरादून । भाजपा लोकसभा चुनाव की तैयारियों के दृष्टिगत प्रदेश की सभी 70 विधानसभाओं में पार्टी सांसदों के नेतृत्व में जन संवाद स्थापित करने करने के लिए विशेष अभियान शुरू करने जा रही है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि 15 मई से 16 जून तक संचालित होने वाले इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में सांसद प्रत्येक विधानसभा के कमजोर 25 बूथों पर विभिन्न आयोजनों के माध्यम से जनसंवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य 2024 लोकसभा चुनावों में सिर्फ जीतना ही नही बल्कि बड़े अंतर से जनता का विश्वास हासिल करना है। इसके लिए हारी हुई 23 विधानसभाओं के साथ सभी 70 विधानसभाओं में फोकस करते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने सभी सांसदों के लिए एक माह का विशेष कार्यक्रम तैयार किया है।
प्रदेश महामंत्री खिलेंद्र चौधरी को सभी सांसदों और पार्टी संगठन के मध्य कार्यक्रम को लेकर समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गयी है ।
प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने बताया कि तमाम सांसद प्रत्येक विधानसभा के 25-25 बूथों पर विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे, जिनमें प्रदेश और केंद्र सरकार के विकास कार्यों को लेकर जनता से फीड बैक लेना और प्रगति समीक्षा करना, सामान्य जनों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से उनकी समस्याओं को लेकर संवाद करना, योजना लाभार्थियों से मिलना, विभिन्न वर्गों के नए-नए लोगों को पार्टी से जोड़ना, क्षेत्र संबंधित विकास योजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन आदि करना है।






