
जन एक्सप्रेस /लखनऊ :- राजस्थान की राजधानी जयपुर के बगरू गांव में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता आशुतोष रांका और उनकी टीम पर कथित हमले के दावे के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि राजस्थान में स्कूलों की बदहाली को सामने लाने की कोशिश कर रहे युवा आंदोलनकारियों पर हिंसक हमला किया गया। उन्होंने गाड़ियों के शीशे तोड़े जाने के कथित घटनाक्रम को भी निंदनीय बताया।
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि हिंसा हताशा का उग्र रूप होती है। उन्होंने BJP पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि शिक्षा को व्यापार के रूप में नहीं, बल्कि मानव संसाधन विकास के मुद्दे के तौर पर देखा जाना चाहिए।

सरकारी स्कूलों में प्रवेश को लेकर विवाद
दरअसल, राजस्थान के सरकारी स्कूलों में आम लोगों और मीडिया के प्रवेश को लेकर पहले से विवाद सामने आया था। इसी विवाद के बीच शुक्रवार को CJP की टीम बगरू क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल का दौरा करने पहुंची थी।
CJP की ओर से दावा किया गया कि टीम पर हमला किया गया और इसे पहले से सुनियोजित कार्रवाई बताया गया। वहीं, ग्रामीणों की ओर से इन आरोपों को खारिज करते हुए CJP कार्यकर्ताओं पर अभद्रता करने और अन्य आरोप लगाए गए हैं।
दोनों पक्षों के दावों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर सियासी बयानबाजी तेज
CJP के पिछले दौरों के बाद राजस्थान शिक्षा विभाग की ओर से कथित तौर पर बाहरी लोगों और मीडिया कर्मियों के सरकारी स्कूलों में प्रवेश को लेकर पाबंदियां लगाए जाने की बात सामने आई थी। इसी मुद्दे को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
अखिलेश यादव ने अपने बयान के जरिए BJP पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं, घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर दोनों पक्षों के दावे सामने आने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच और वास्तविक स्थिति सामने आने का इंतजार है।






