योगी सरकार ने 41 पीसीएस अधिकारियों के किए तबादले, लखनऊ-वाराणसी समेत कई जिलों में नई तैनाती

जन एक्सप्रेस /लखनऊ :- उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 41 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस तबादला सूची में लखनऊ, वाराणसी, जौनपुर, बुलंदशहर, पीलीभीत और मेरठ समेत कई महत्वपूर्ण जिलों के नगर मजिस्ट्रेट और प्रशासनिक अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सबसे अहम नियुक्तियों में जगमोहन गुप्ता को लखनऊ का नगर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। वहीं महेंद्र कुमार सिंह, जो अब तक अयोध्या में ओएसडी के रूप में कार्यरत थे, उन्हें वाराणसी का नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
जौनपुर की एसडीएम बिंदु लता को एडीएम (न्यायिक) कानपुर नगर के पद पर भेजा गया है। वहीं आजमगढ़ के एसडीएम संजय चावला को उसी जिले में एडीएम (प्रशासन) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महोबा के एडीएम कुंवर पंकज को झांसी मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। वहीं जौनपुर के नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह को महोबा का एडीएम (वित्त एवं राजस्व) नियुक्त किया गया है। महिपाल सिंह को जौनपुर का नया नगर मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
इसके अलावा चंदौली के एसडीएम विनय सिंह को सहकारी चीनी मिल संघ का प्रधान प्रबंधक नियुक्त किया गया है। महेंद्र प्रताप को सुलतानपुर का मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) बनाया गया है, जबकि अंबेडकरनगर के एसडीएम राजेश कुमार को सहकारी चीनी मिल संघ भेजा गया है।
राजस्व परिषद के ओएसडी सौजन्य कुमार विकास को बहराइच का एसडीएम बनाया गया है। वहीं हमीरपुर में नमामि गंगे परियोजना के एडीएम सुरेश कुमार को सहारनपुर विकास प्राधिकरण का सचिव नियुक्त किया गया है। बरेली के एसडीएम विजय सिंह को डीएम नमामि गंगे, हमीरपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिव नारायण को उपनिदेशक, स्थानीय विकास निदेशालय, लखनऊ के पद पर तैनात किया गया है।
प्रदेश सरकार का यह व्यापक प्रशासनिक फेरबदल शासन-प्रशासन को अधिक गतिशील और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि नई तैनातियों से जिलों में प्रशासनिक कार्यों की गति तेज होगी और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी सुधार देखने को मिलेगा।






